धनबाद के भूली झारखंड मोड़ के पास स्थित 8 लेन सर्विस रोड पर सड़क धंसने से एक बड़ा और खतरनाक गड्ढा बन गया है, जिससे स्थानीय लोगों और राहगीरों में डर का माहौल है। आशंका जताई जा रही है कि पाइपलाइन टूटने के कारण यह गड्ढा बना है, जिसके चलते उसमें लगातार पानी भर रहा है और सड़क की स्थिति दिन-ब-दिन और खराब होती जा रही है।
यह सड़क गोल्ड बिल्डिंग से काकू मठ तक करीब 20 किलोमीटर लंबी है, जिसका उद्घाटन वर्ष 2024 में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन द्वारा किया गया था। करोड़ों की लागत से बनी इस सड़क से लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद थी, लेकिन उद्घाटन के कुछ ही समय बाद इसकी गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, इस सड़क पर अब तक 8 से 10 स्थानों पर बड़े गड्ढे बन चुके हैं। कई बार मरम्मत के बावजूद समस्या बार-बार सामने आ रही है। वर्तमान में भूली मोड़ के पास बना यह गड्ढा सबसे ज्यादा खतरनाक हो गया है। स्थिति को और गंभीर बनाता है यहां की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट। रात के समय अंधेरे में यह गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
लोगों का आरोप है कि निर्माण कार्य में लापरवाही और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क बार-बार धंस रही है। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से जल्द मरम्मत, पाइपलाइन जांच और स्ट्रीट लाइट ठीक कराने की मांग की है।
